Breaking News

खूंटी में जेएमएम का धुआंधार प्रचार, सोनम बागे के समर्थन में उतरे दिग्गज नेता

Khunti: खूंटी नगर पंचायत चुनाव अब और भी तेज हो गया है। अध्यक्ष पद की जेएमएम समर्थित प्रत्याशी सोनम बागे के पक्ष में पार्टी नेताओं ने धुआंधार प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जेएमएम के दिग्गज नेता सोनम बागे के साथ घर-घर पहुंचे और मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।

प्रत्याशी सोनम बागे अपने पार्टी नेताओं और समर्थकों के साथ नगर पंचायत क्षेत्र का भ्रमण कर रही हैं। बड़ी संख्या में समर्थक उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं और लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सोनम बागे को विजयी बनाएं। प्रचार के दौरान कई वार्डों में सभाएं और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं साझा कीं।

आज के चुनावी अभियान में मुख्य रूप से झारखण्ड मुक्ति मोर्चा खूंटी जिला के जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, तोरपा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदीप गुड़िया, केंद्रीय सदस्य सह जिला सचिव सुशील पाहन, केंद्रीय सदस्य मकसूद अंसारी, केंद्रीय सदस्य सुशांति कोंगाड़ी, शंकर सिंह मुंडा, जिला उपाध्यक्ष सनिका बोदरा, उपाध्यक्ष गुलशन सिंह मुंडा,कमलेश महतो, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

बीजेपी मुद्दाविहीन : विधायक सुदीप गुड़िया

विधायक सुदीप गुड़िया ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी नेताओं के बयान अब कोई मायने नहीं रखते। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को मुद्दाविहीन कर दिया है, इसलिए उसके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और वह सिर्फ बयानबाजी कर रही है।

उन्होंने दावा किया कि नगर निकाय चुनाव में भी भाजपा का बुरा हश्र होने वाला है। विधायक ने कहा कि यदि भाजपा मजबूत स्थिति में होती तो उसे नगर पंचायत चुनाव में कई पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्रियों को प्रचार में नहीं उतारना पड़ता। इससे स्पष्ट है कि भाजपा पराजय की आशंका से घबराई हुई है।

रघुवर दास के बयान पर पलटवार

गौरतलब है कि बीते मंगलवार को बीजेपी समर्थित उम्मीदवार रानी टूटी के पक्ष में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास खूंटी पहुंचे थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा था कि जेएमएम, कांग्रेस और राजद की सरकार का एक ही मिशन है—सिर्फ कमिशन। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और बढ़ते अपराध को लेकर भी निशाना साधा था।

रघुवर दास के इस बयान पर पलटवार करते हुए जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि भाजपा में बौखलाहट साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कहीं भी कोई चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं है, इसलिए हताश होकर बयानबाजी कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में हार का डर इस कदर है कि कई पूर्व मुख्यमंत्रीयों को खूंटी नगर पंचायत चुनाव में उतरना पड़ रहा है।

जुबैर अहमद ने कहा कि जनता भाजपा की असलियत पहचान चुकी है और अब कोई भी उनके बहकावे में नहीं आने वाला है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भाजपा ने इतना ही अच्छा शासन चलाया था तो जनता ने उसे सत्ता से क्यों बाहर किया? घोटालों का जिक्र करते हुए उन्होंने हाथी उड़ाने और मैनहर्ट घोटाले जैसे मामलों पर भी पूर्व मुख्यमंत्री से जवाब मांगा और कहा कि जनता ने इन्हीं कारणों से भाजपा को सत्ता से दूर कर दिया है।

खूंटी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। एक ओर जहां जेएमएम समर्थित प्रत्याशी सोनम बागे के समर्थन में पार्टी के दिग्गज नेता मैदान में हैं, वहीं भाजपा भी पूरी ताकत झोंक रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि जनता किसके पक्ष में अपना फैसला सुनाती है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post