Khunti: कर्रा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में बुधवार को श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर के तत्वावधान में एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले का उद्देश्य क्षेत्र के बेरोजगार युवक-युवतियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना एवं कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
रोजगार मेले में लगभग 22 कंपनियों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए जाएंगे। इन कंपनियों के प्रतिनिधि मौके पर ही आवेदकों का साक्षात्कार लेकर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगे। विभिन्न क्षेत्रों जैसे सुरक्षा सेवा, निर्माण, मैन्युफैक्चरिंग, मार्केटिंग, रिटेल, बैंकिंग सहयोगी कार्य, तकनीकी कार्य एवं अन्य निजी क्षेत्र की नौकरियों के लिए नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इसके अलावा, विभिन्न प्रकार के कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी जानकारी दी जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी अलग-अलग ट्रेड में प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिससे भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) स्मिता नगेशिया ने क्षेत्र के अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों से रोजगार मेले में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है, जहां वे सीधे कंपनियों से संपर्क कर नौकरी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अनुरोध किया कि वे अपने सभी आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा एवं पासपोर्ट साइज फोटो के साथ समय पर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं।
रोजगार मेले में 18 वर्ष से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं। आयोजन समिति ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और योग्यता के आधार पर नियुक्ति दी जाएगी।



