Breaking News

रघुवर दास का हमला – कांग्रेस, जेएमएम और राजद का एक ही मिशन ‘कमिशन’

Khunti: नगर निकाय चुनाव को लेकर खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र में चुनावी माहौल चरम पर है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवार रानी टूटी के समर्थन में प्रचार करने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मंगलवार को खूंटी पहुंचे। कर्रा रोड में आयोजित एक जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। सभा को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने राज्य की वर्तमान सरकार पर तीखा प्रहार किया और कहा कि कांग्रेस, जेएमएम और राजद का एकमात्र लक्ष्य “कमिशन” है।

उन्होंने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से 2019 के बीच राज्य में विकास की नई इबारत लिखी गई। दास ने दावा किया कि उनके कार्यकाल में दारोगा, सिपाही और शिक्षकों की बड़े पैमाने पर नियुक्ति की गई तथा हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई। इसके अलावा गांव-गांव तक सड़क, पुल-पुलिया निर्माण और शुद्ध पेयजल आपूर्ति की दिशा में ठोस काम हुआ। उन्होंने कहा कि पांच वर्षों में झारखंड की बुनियादी संरचना मजबूत की गई, लेकिन दुर्भाग्यवश भाजपा की सरकार दोबारा नहीं बन सकी।

चुनावी वादों को लेकर सरकार पर निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री ने वर्तमान सरकार पर चुनावी वादे पूरा न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मैय्या सम्मान योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये देने की घोषणा की गई थी। उन्होंने दावा किया कि राज्य में इस आयु वर्ग की करीब 70 लाख महिलाएं हैं, लेकिन योजना का लाभ केवल 8 से 10 लाख लाभुकों तक सीमित है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तकनीकी कारणों का हवाला देकर कई लाभुकों के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।

भ्रष्टाचार के आरोप और मंत्री पर टिप्पणी

रघुवर दास ने कहा कि कांग्रेस कोटे से ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री रहे आलमगीर आलम वर्तमान में होटवार जेल में बंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के कारण हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि कई अधिकारियों के घरों से भी बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई है, जो राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज किसी भी सरकारी कार्यालय में बिना घूस के काम नहीं होता।

कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सवाल

सभा को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं और महिलाएं, विशेषकर आदिवासी महिलाएं, असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने शारीरिक शोषण और हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

संविधान और निकाय चुनाव में देरी का मुद्दा

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भीमराव अंबेडकर द्वारा लिखित संविधान की भावना के अनुरूप समय पर चुनाव कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निकाय चुनाव लगभग तीन वर्षों तक टाले गए, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत है। भाजपा द्वारा इस मुद्दे पर लगातार आंदोलन किया गया और हाईकोर्ट की फटकार के बाद ही सरकार को चुनाव कराने पड़े। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य के 48 नगर निकायों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे।

पेलोल नदी पुल पर सरकार को घेरा

रघुवर दास ने खूंटी की पेलोल नदी पर बने पुल के टूटने और उसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था में हुई देरी को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग का पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद केवल डायवर्सन बनाने में ही एक वर्ष लग गया और वह भी अब तक पूरी तरह तैयार नहीं है। इसे उन्होंने प्रशासनिक अक्षमता का उदाहरण बताया।

सभा के अंत में उन्होंने 23 फरवरी को होने वाले मतदान में भाजपा समर्थित उम्मीदवार रानी टूटी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, काशीनाथ महतो, प्रत्याशी रानी टूटी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post