Dhanbad : धनबाद के डिगवाडीह गणेश मैदान में सोमवार को यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (एटक) बीसीसीएल जोन की सभा आयोजित हुई। सभा में यूनियन अध्यक्ष सह विधायक शत्रुघ्न महतो और यूनियन सचिव सह सांसद ढुलू महतो ने नगर निगम मेयर चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजीव कुमार को समर्थन देने की घोषणा की।
सभा को संबोधित करते हुए ढुलू महतो ने बिना नाम लिए सिंह मेंशन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक “चर्चित घराना” वर्षों से धनबाद में भय और हिंसा की राजनीति करता रहा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों और किसानों की आवाज उठाने वालों को दबाने और अवैध संपत्ति अर्जित करने का इतिहास रहा है। ढुलू महतो ने मतदाताओं से अपील की कि वे “खून चूसने वाले माफिया” के बजाय विकास और ईमानदारी का दावा करने वाले प्रत्याशी को चुनें।
विधायक शत्रुघ्न महतो ने भी चुनाव को दो विचारधाराओं की लड़ाई बताया। उन्होंने कहा कि एक तरफ “झरिया को उजाड़ने वाले” लोग हैं, तो दूसरी ओर विकास का संकल्प लेकर मैदान में उतरे संजीव कुमार। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे धनबाद के भविष्य को ध्यान में रखते हुए निर्णय लें।
संजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि झरिया का बड़ा हिस्सा उजड़ चुका है और इसके लिए जिम्मेदार कौन है, यह जनता भली-भांति जानती है। उन्होंने “नया झरिया” बनाने के लिए एक अवसर देने की अपील की।
सभा की अध्यक्षता मो. शरीफ ने की, संचालन एटक नेता सतेंद्र गुप्ता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नंदू यादव ने किया। कार्यक्रम में कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
धनबाद नगर निगम चुनाव में इस तरह के तीखे आरोप-प्रत्यारोप से राजनीतिक माहौल और गरमा गया है। अब देखना होगा कि जनता विकास के वादों और आरोपों के बीच किसे अपना समर्थन देती है।



