Khunti: खूंटी नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। विभिन्न दलों के समर्थित उम्मीदवार अपने-अपने चुनावी कार्यालय का उद्घाटन कर जनसंपर्क अभियान को धार दे रहे हैं। इसी क्रम में आज महुआटोली में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) समर्थित अध्यक्ष पद की उम्मीदवार सोनम बागे के चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। 
उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से जेएमएम के खूंटी जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा तथा तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया मौजूद रहे। नेताओं ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया और कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि पार्टी समर्थित उम्मीदवार होने के कारण हम सभी की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे टीम बनाकर घर-घर जाएं और मतदाताओं को जागरूक करते हुए सोनम बागे के पक्ष में मतदान करने की अपील करें। उन्होंने कहा कि खूंटी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में जेएमएम की मजबूती से विपक्षी दल घबराए हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनावी माहौल इस बात का संकेत दे रहा है कि जीत हमारी निश्चित है।
तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य को एक सशक्त और जनहितैषी सरकार मिली है, जो राज्य को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत चुनाव में भी जीत हासिल कर शहर के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि शेष बचे समय में प्रचार-प्रसार को और तेज किया जाए तथा घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को सोनम बागे और उनके चुनाव चिह्न की जानकारी दी जाए।
खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि जेएमएम आज पूरे राज्य में सबसे मजबूत पार्टी के रूप में उभरी है। उन्होंने कहा कि खूंटी जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर पार्टी ने भारी मतों के अंतर से जीत दर्ज की है, जो संगठन की मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि शहरी क्षेत्र में भी पार्टी को व्यापक समर्थन मिल रहा है और मतदाताओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हो रही है।
कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय सदस्य सह जिला सचिव सुशील पाहन ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय सदस्य स्नेहलता कुंडलना, मकसूद अंसारी, बिरेन कंडुलना, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुशांति कोंगाड़ी, शंकर सिंह मुंडा, अमर मुंडा, असगरी खातून, अनूप लकड़ा, प्रकाश नाग मुंडा, कमलेश महतो सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
उद्घाटन समारोह के बाद कार्यकर्ताओं ने चुनावी रणनीति पर चर्चा करते हुए आगामी दिनों में जनसंपर्क अभियान को और व्यापक स्तर पर चलाने का संकल्प लिया। नगर पंचायत चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है और सभी दल अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।



