Khunti: कर्रा प्रखंड के सुदूरवर्ती बक्सपुर पंचायत अंतर्गत लापा बड़का टोली, लापा मोरहा टोली और गारी बरटोली में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए समाजसेवी अमर तिडू के प्रयास से पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल खूंटी की टीम ने तीन खराब पड़े चापानलों की मरम्मत कराई।
ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से चापानल खराब रहने के कारण उन्हें पेयजल के लिए काफी दूर जाना पड़ता था। इस समस्या से अवगत होकर लापा निवासी अमर तिडू ने विभाग से संपर्क कर शीघ्र मरम्मत की मांग की। उनके पहल पर शनिवार को विभागीय टीम बक्सपुर पंचायत पहुंची और स्थानीय युवाओं के सहयोग से लापा बड़का टोली स्थित देवी मंडप, लापा मोरहा टोली आंगनबाड़ी केंद्र तथा गारी बरटोली में संजीत आईन्द के घर के पास लगे चापानलों की मरम्मत की गई।
चापानलों से पुनः पानी निकलने लगा तो ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी। लोगों ने अमर तिडू और विभागीय टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि अमर तिडू रांची में रहकर पढ़ाई कर रहे थे, लेकिन गांव लौटने के बाद वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय हो गए हैं। वे युवाओं को प्रेरित कर पर्यटक स्थल कारो नदी की सफाई, नशापान से बचाव और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए गांव में जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उनके नेतृत्व में ग्रामीण युवा गांव के विकास के लिए संगठित होकर आगे बढ़ रहे हैं।



