Khunti: कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने थाना से लगभग तीन सौ मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े छिनतई की वारदात को अंजाम दिया। घटना में स्वरोजगार कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही एक महिला जूस विक्रेता को निशाना बनाया गया।

जानकारी के अनुसार, खूंटी थाना क्षेत्र के जमुआदाग कॉलोनी निवासी बाजू लोहरा की पत्नी लीलो देवी ने बैंक से लोन लेकर जूस निकालने की मशीन खरीदी थी। वह साहू तालाब के समीप सड़क किनारे प्रतिदिन जूस बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनका स्टॉल थाना परिसर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।
बताया जाता है कि शुक्रवार दोपहर लगभग तीन बजे एक बाइक पर सवार दो युवक जूस लेने के बहाने उनके ठेले पर पहुंचे। जूस पीने के बाद दोनों ने पैसे देने की बात कही। जैसे ही लीलो देवी ने बकाया राशि लौटाने के लिए अपना पर्स निकाला, तभी एक युवक ने झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया और साथी के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। 
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि थाना के इतने करीब इस तरह की वारदात होना व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
पीड़िता लीलो देवी ने बताया कि उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर मशीन खरीदी है ताकि मेहनत-मजदूरी के बजाय छोटा सा व्यवसाय कर परिवार चला सकें। छिनतई की इस घटना से उन्हें आर्थिक क्षति के साथ-साथ मानसिक आघात भी पहुंचा है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि शहर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और छोटे दुकानदारों व स्वरोजगार से जुड़े लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



