Khunti: बिरसा कॉलेज, खूंटी द्वारा हाल ही में कक्षा संचालन एवं कार्यालय समय को लेकर एक आधिकारिक नोटिस सार्वजनिक किया गया था। नोटिस में 11 फरवरी 2026 से कॉलेज एवं कॉलेज कार्यालय के संचालन समय की जानकारी दी गई थी। हालांकि सूचना का आशय सही था, लेकिन उसमें समय उल्लेख के दौरान टाइपिंग की एक महत्वपूर्ण त्रुटि रह गई थी। 
जारी सूचना में लिखा गया था कि “शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को सूचित किया जाता है कि दिनांक 11.02.2026 से कॉलेज एवं कॉलेज कार्यालय अपराह्न 10:30 से पूर्वाह्न 4:30 तक चलेगा।” यहां “अपराह्न” (दोपहर बाद) और “पूर्वाह्न” (दोपहर पूर्व) शब्दों का प्रयोग उल्टे क्रम में कर दिया गया था, जिससे समय को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सामान्य रूप से 10:30 पूर्वाह्न (सुबह) और 4:30 अपराह्न (शाम) होना चाहिए था।
इस त्रुटि को लेकर छात्रों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई थी। छात्र-छात्राओं ने सवाल उठाया कि आखिर कॉलेज का संचालन सुबह होगा या दोपहर बाद। मामले को गंभीरता से लेते हुए द झार न्यूज ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए इस त्रुटि को प्रमुखता से प्रकाशित किया और कॉलेज प्रबंधन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया।
खबर प्रकाशित होने के बाद कॉलेज प्रशासन हरकत में आया और नोटिस में की गई टाइपिंग त्रुटि को सुधारते हुए संशोधित सूचना जारी कर दी। संशोधित नोटिस में समय को स्पष्ट करते हुए सही रूप में पूर्वाह्न 10:30 से अपराह्न 4:30 तक संचालन का उल्लेख किया गया है। 
इस घटनाक्रम के बाद छात्रों एवं अभिभावकों ने द झार न्यूज की पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि समय पर की गई पत्रकारिता के कारण भ्रम की स्थिति समाप्त हुई और कॉलेज प्रशासन को त्रुटि सुधारने का अवसर मिला।
छात्रों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में कॉलेज प्रशासन नोटिस जारी करते समय भाषा एवं समय संबंधी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करेगा, ताकि अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।



