Pakur: नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। भाजपा समर्थित नगर अध्यक्ष उम्मीदवार संपा साहा की जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पाकुड़ में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में सभी 21 वार्डों के प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
सम्मेलन को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और अध्यक्ष पद सहित वार्ड पार्षद उम्मीदवारों की जीत के लिए रणनीति साझा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य सरकार का ध्यान समय पर नगर निकाय चुनाव कराने की ओर कई बार दिलाया, लेकिन सरकार ने इस दिशा में पहल नहीं की। मरांडी के अनुसार, हाई कोर्ट के सख्त रुख के बाद ही राज्य सरकार चुनाव कराने को गंभीर हुई।
सरकार पर साधा निशाना
सम्मेलन के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पार्टी चाहती थी कि निकाय चुनाव दलगत आधार पर कराए जाएं, लेकिन राज्य सरकार में ऐसा करने का साहस नहीं था। उन्होंने दावा किया कि राज्यभर में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जनता का समर्थन मिल रहा है और पार्टी कार्यकर्ता उनकी जीत सुनिश्चित करने में जुटे हैं।
मरांडी ने कहा कि पाकुड़ में पार्टी ने संपा साहा को समर्थन दिया है और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ उनके पक्ष में काम कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शहरी क्षेत्रों के मतदाता भाजपा के साथ हैं और चुनाव परिणाम इसका प्रमाण देंगे।



