Ranchi: राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के पीछे स्थित जयप्रकाश नगर में दखल दिहानी की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने रातू रोड कब्रिस्तान के पास टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। सड़क जाम होने से रातू रोड पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रशासनिक कार्रवाई से बढ़ी नाराजगी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्ष 2020 में लगभग 48 डिसमिल जमीन आदिवासी रैयत से विधिवत खरीदी गई थी। इसके लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। लोगों का दावा है कि आपसी सहमति से जमीन की खरीद-बिक्री हुई और वे कई वर्षों से वहां मकान बनाकर रह रहे थे।
![]()
हालांकि, जमीन के मूल मालिक की ओर से बाद में मामला दर्ज कराया गया और कोर्ट से दखल दिहानी का आदेश प्राप्त कर लिया गया। मंगलवार को प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और न्यायालय के आदेश के तहत जयप्रकाश नगर में बने कुछ घरों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से प्रभावित परिवारों में भारी नाराजगी है। उनका आरोप है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था और पर्याप्त समय दिए उनके घर तोड़ दिए गए।
पुनः जांच की मांग
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हुए। लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई पर रोक लगाने, मामले की पुनः जांच कराने और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। उनका कहना है कि यदि जमीन के लेन-देन में कोई कानूनी विवाद था तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित पक्षों की है, आम लोगों को बेघर करना उचित नहीं है।
प्रशासन की अपील, इलाके में तनाव
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने कहा कि कार्रवाई कोर्ट के आदेश के तहत की गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। देर शाम तक वार्ता जारी रहने की सूचना है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।



