T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 15 फरवरी को खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने सोमवार रात अपने आधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट कर इसकी पुष्टि की। इससे पहले पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का ऐलान किया था, लेकिन अब सरकार ने अपना रुख बदल लिया है।
पाकिस्तान सरकार की ओर से बताया गया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने भारत के खिलाफ मैच खेलने की अपील की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के कठिन दौर में पाकिस्तान ने श्रीलंकाई क्रिकेट का पूरा समर्थन किया था, उसी भावना के तहत अब पाकिस्तान से सहयोग की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने श्रीलंकाई राष्ट्रपति की भावनाओं का स्वागत करते हुए कहा कि सभी पक्षों से विचार-विमर्श के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुश्किल समय में श्रीलंका हमेशा पाकिस्तान के साथ खड़ा रहा है और हाल ही में श्रीलंका टीम ने पाकिस्तान दौरा रद्द न कर सहयोग का परिचय दिया।
इस पूरे घटनाक्रम में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की भी अहम भूमिका रही। BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से भारत के खिलाफ मैच खेलने की सिफारिश की थी। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री को ICC, BCB और अन्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठकों की जानकारी दी।

दरअसल, 1 फरवरी को पाकिस्तान ने बांग्लादेश को टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने के विरोध में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की थी। हालांकि, उसने टूर्नामेंट के अन्य मुकाबले खेलने पर सहमति जता दी थी। अब श्रीलंका, बांग्लादेश और यूएई समेत अन्य देशों के अनुरोधों और चर्चाओं के बाद पाकिस्तान सरकार ने भारत-पाकिस्तान मैच खेलने का फैसला लिया है।
पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि PCB की शर्तें ICC ने मान ली हैं, जबकि इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार ICC ने पाकिस्तान की तीनों मांगों को खारिज कर दिया है। हालांकि, ICC ने इस मुद्दे पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। ICC की ओर से जारी जानकारी में कहा गया है कि बांग्लादेश पर कोई जुर्माना नहीं लगेगा और भविष्य में उसे एक आईसीसी इवेंट की मेजबानी भी दी जाएगी।
पाकिस्तान ने ICC के सामने तीन शर्तें रखी थीं। पहली, ICC की कुल कमाई में पाकिस्तान का हिस्सा बढ़ाया जाए। दूसरी, भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज को बहाल किया जाए। तीसरी, मैदान पर हैंडशेक प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू किया जाए। एशिया कप के दौरान पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था, जिसे लेकर यह मुद्दा उठा था।
7 फरवरी को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने भी PCB को पत्र लिखकर भारत-पाकिस्तान मैच पर दोबारा विचार करने की अपील की थी। SLC ने कहा था कि अगर यह मुकाबला नहीं होता है तो श्रीलंका क्रिकेट को भारी आर्थिक नुकसान होगा और टूर्नामेंट की छवि भी प्रभावित होगी, क्योंकि श्रीलंका भारत के साथ मिलकर इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है।
वहीं, बीसीसीआई सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि भारतीय टीम तय कार्यक्रम के अनुसार ही श्रीलंका दौरे पर जाएगी। टीम 15 फरवरी से पहले श्रीलंका पहुंचेगी और ICC के सभी प्रोटोकॉल का पालन करेगी। हालांकि, मैच से जुड़ा अंतिम फैसला मैदान पर मौजूद मैच रेफरी द्वारा ही लिया जाएगा।



