Khunti: खूंटी जिले के कर्रा प्रखण्ड अंतर्गत घूंसुली पंचायत भवन में आज एल टी आई माइंडट्री फाउंडेशन के सहयोग से सिटीजन फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में खूंटी के प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. सुभाष कुमार के नेतृत्व में आई फोर्ट (Eye Fort) की विशेषज्ञ टीम ने ग्रामीणों की आंखों की जांच की।

शिविर में घूंसुली पंचायत सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिला एवं पुरुष पहुंचे। सुबह से ही पंचायत भवन में लोगों की भीड़ देखी गई, जहां पंजीकरण के बाद क्रमबद्ध तरीके से सभी की आंखों की विस्तृत जांच की गई। चिकित्सकीय टीम ने आधुनिक उपकरणों के माध्यम से लोगों की आंखों की स्थिति की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया।

इस अवसर पर डॉ. सुभाष कुमार ने बताया कि जांच के दौरान कई लोगों में विभिन्न प्रकार की नेत्र संबंधी बीमारियां पाई गईं। इनमें मुख्य रूप से मोतियाबिंद, रिफ्रेक्टिव एरर, आंखों में ड्राइनेस, कंजंक्टिवाइटिस, नखुना सहित अन्य आंखों की समस्याएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि शिविर में पहुंचे सभी मरीजों की निःशुल्क जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार दवाइयां भी मुफ्त उपलब्ध कराई गईं।

डॉ. सुभाष ने आगे जानकारी दी कि सभी लाभार्थियों की जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जिन लोगों को चश्मे की आवश्यकता है, उनके लिए आगामी 25 फरवरी को निःशुल्क चश्मा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिलेगी।

शिविर के सफल आयोजन में सिटीजन फाउंडेशन के सदस्यों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग सराहनीय रहा। ग्रामीणों ने इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए एल टी आई माइंडट्री फाउंडेशन, सिटीजन फाउंडेशन तथा चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।



