Khunti: तोरपा प्रखंड अंतर्गत ओकड़ा पंचायत स्थित जापुत नाला पर प्रस्तावित चेक डैम निर्माण कार्य का आज विधिवत शिलान्यास तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के खूंटी जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद सहित कई जनप्रतिनिधि, पंचायत स्तर के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। 
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि चेक डैम का निर्माण क्षेत्र में जल संरक्षण को सुदृढ़ करेगा और सिंचाई की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को खेती-किसानी में प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, कृषि कार्य सुगम होगा तथा फसल उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावनाएं बनेंगी। साथ ही चेक डैम के माध्यम से भूजल स्तर में सुधार होगा, जिससे आसपास के गांवों को भी दीर्घकालीन लाभ प्राप्त होगा।
विधायक ने आगे कहा कि यह योजना ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग के अनुरूप स्वीकृत की गई है। क्षेत्र के समग्र विकास, आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण तथा आम जनता की मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर सरकार एवं जनप्रतिनिधि लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। 
कार्यक्रम के दौरान वहां उपस्थित झामुमो जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद ने भी इस योजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसे किसानों एवं ग्रामीणों के हित में मील का पत्थर करार दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों ने चेक डैम निर्माण कार्य के लिए विधायक एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह जनहित से जुड़ी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाता रहेगा।



