Khunti: कर्रा प्रखंड अंतर्गत पहाड़ टोली ग्राम में सोमवार को द हंस फाउंडेशन के सहयोग से ग्राम सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम मुखिया अनुप कुजुर ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य गांव में जल प्रबंधन को सुदृढ़ करना और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए जल समिति का गठन करना था।

बैठक के दौरान फाउंडेशन के हेल्थ एंड न्यूट्रिशन एक्सपर्ट सावन कुमार ने जल समिति की उपयोगिता और महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जल समिति गांव में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ जल स्रोतों की देखरेख, संरक्षण और मरम्मत जैसे कार्यों में अहम भूमिका निभाएगी।
चयन प्रक्रिया के तहत सर्वसम्मति से जल समिति का गठन किया गया, जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष सहित कुल 9 सदस्यों का चुनाव किया गया। सभी सदस्यों ने जिम्मेदारीपूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुखिया अनुप कुजुर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य के बीच गहरा संबंध है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पानी का उपयोग और व्यक्तिगत साफ-सफाई अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
बैठक में जल सहिया, क्षेत्र पर्यवेक्षक, सहिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने एकजुट होकर गांव को जल संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में आदर्श गांव बनाने का संकल्प लिया।



