Under-19 World Cup 2026 Final: हरारे के मैदान पर खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को एकतरफा मुकाबले में 100 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप चैंपियन बना और टूर्नामेंट के इतिहास में अपनी बादशाहत और मजबूत कर ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे ने पारी को पूरी तरह संभाल लिया। 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में 80 गेंदों में 175 रनों की तूफानी पारी खेलकर इतिहास रच दिया। उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके और 15 छक्के जड़े, जबकि आयुष म्हात्रे ने 53 रनों की अहम पारी खेली। भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

वैभव सूर्यवंशी ने महज 32 गेंदों में अर्धशतक, 55 गेंदों में शतक और 71 गेंदों में 150 रन पूरे कर इंग्लैंड के गेंदबाजों की कमर तोड़ दी। उनके आउट होने के बाद विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू और कनिष्क चौहान ने उपयोगी योगदान देकर टीम को 400 के पार पहुंचाया।
411 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम दबाव में नजर आई। तेजी से रन बनाने की कोशिश में इंग्लैंड ने लगातार विकेट गंवाए। बेन डॉकिंस (66) और बेन मायस (45) ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने इंग्लैंड की पारी 311 रनों पर सिमट गई। खासकर बीच के ओवरों में इंग्लैंड ने 8 गेंदों के भीतर 4 विकेट गंवाकर मैच से पूरी तरह हाथ धो लिया।
इस जीत के साथ भारत ने 2000, 2008, 2012, 2018, 2022 और अब 2026 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने का गौरव हासिल किया। भारत पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा। वैभव सूर्यवंशी ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 439 रन और रिकॉर्ड 30 छक्के लगाए, जबकि हेनिल पटेल ने भारत के लिए सर्वाधिक 11 विकेट झटके। यह जीत भारतीय युवा क्रिकेट की ताकत और भविष्य की झलक बनकर सामने आई।



