Ranchi: संसद के बजट सत्र के दौरान गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा लोकसभा में किताब लहराकर गांधी-नेहरू और कांग्रेस पर की गई टिप्पणी को लेकर सियासी विवाद गहराता जा रहा है। झारखंड समेत देशभर में कांग्रेस नेताओं ने इस बयान की कड़ी निंदा की है और भाजपा सांसद पर इतिहास से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।
इरफान अंसारी का कड़ा हमला
झारखंड सरकार में स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस नेता इरफान अंसारी ने निशिकांत दुबे पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें “नकली तस्वीरों का हेडमास्टर” करार दिया। इरफान अंसारी ने कहा कि निशिकांत दुबे लगातार अनियंत्रित होते जा रहे हैं, जो लोकतंत्र और संसद की गरिमा के लिए ठीक नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद ने किताब के नाम पर पर्चियां छपवाई हैं और फर्जी तस्वीरें दिखाकर सदन को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। मंत्री ने कहा कि जो घटनाएं कभी हुई ही नहीं, उन्हें सच की तरह पेश किया जा रहा है और दुर्भाग्यवश संसद में उनकी बातें सुनी भी जा रही हैं।
राहुल गांधी और गांधी परिवार का बचाव
इरफान अंसारी ने कहा कि निशिकांत दुबे, राहुल गांधी के “नाखून के बराबर भी नहीं हैं।” उन्होंने गांधी परिवार के योगदान को याद करते हुए कहा कि इस परिवार ने देश को बहुत कुछ दिया है। अंसारी ने यह भी कहा कि अगर वे संसद में होते, तो इस तरह की बातें सदन में आने ही नहीं देते।
भाजपा पर भी साधा निशाना
स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि अंग्रेज तो देश छोड़कर चले गए, लेकिन जो जहर वे छोड़ गए, उसे भाजपा ने अपना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब देश गुलाम था, तब भी भाजपा से जुड़े लोग दलाली किया करते थे।
निशिकांत दुबे के बयान और उस पर इरफान अंसारी की प्रतिक्रिया के बाद झारखंड की राजनीति में सियासी गर्मी और तेज हो गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बयानबाजी होने की संभावना जताई जा रही है।


