Ranchi: रांची में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र स्थित विकास हॉस्पिटल के बाहर बुधवार शाम बाइक सवार अपराधी ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब पांच बजे एक बाइक सवार अपराधी विकास चौक के पास स्थित विकास हॉस्पिटल के गेट पर पहुंचा और अचानक हवाई फायरिंग करने लगा। गोली चलने की आवाज से अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी रामगढ़ रोड की ओर भाग निकला।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पूरी घटना अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि बाइक सवार अपराधी मौके पर पहुंचकर फायरिंग करता है और फिर तेजी से फरार हो जाता है। सूचना मिलने पर बीआईटी मेसरा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है।
रंगदारी से जुड़ा मामला!
हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को बताया है कि उन्हें किसी भी गैंग द्वारा रंगदारी या धमकी नहीं दी गई थी। लेकिन फायरिंग की धमकी अस्पताल से सटे कार शोरूम के मालिक को दी गई है। राहुल सिंह गिरोह की ओर से सोशल मीडिया पर एक प्रेस रिलीज जारी कर शोरूम संचालक को धमकाया गया है।
गिरोह ने चेतावनी दी है कि अगर “मैनेज” नहीं किया गया तो अगली बार गोली शोरूम संचालक और उसके परिवार पर चलाई जाएगी। प्रेस रिलीज में यह भी दावा किया गया है कि गैंग के पास रांची से पलामू और पटना तक की पूरी जानकारी है और जरूरत पड़ी तो एके-47 से बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता है।
पुलिस का बयान
रांची के सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि विकास चौक स्थित एक अस्पताल के पास फायरिंग की घटना हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, लेकिन राहुल सिंह गिरोह की बढ़ती आपराधिक गतिविधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



