Ranchi: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। 23 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए नामांकन प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। 4 फरवरी तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे और इसी को लेकर समाहरणालय परिसरों में प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। राज्य के 48 नगर निकायों में हो रहे चुनाव के तहत अब तक 1500 से अधिक नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं।
हालांकि यह चुनाव औपचारिक रूप से गैर-दलीय आधार पर हो रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि सभी प्रमुख राजनीतिक दल अप्रत्यक्ष रूप से पूरी सक्रियता के साथ मैदान में हैं। रांची महापौर पद के लिए पूर्व मेयर रमा खलखो के नामांकन के दौरान कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
इस मौके पर रमा खलखो ने कहा कि, “पिछले वर्षों में नगर निगम क्षेत्र की जो स्थिति रही है, उसे जनता भली-भांति जानती है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार जनता हमें मौका देगी।” वहीं कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि भले ही चुनाव गैर-दलीय हो, लेकिन पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अगर मैदान में हैं तो उन्हें सहयोग देना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता रमा खलखो को आशीर्वाद देगी।

समाहरणालय परिसर में गूंजे नारे
नामांकन के दौरान समाहरणालय परिसर में “हमारा नेता कैसा हो” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा। समर्थक अपने प्रत्याशियों को फूल-मालाएं पहनाकर अग्रिम बधाई देते नजर आए।
आरक्षण से बढ़ी निवर्तमान पार्षदों की मुश्किल
इस बार आरक्षण व्यवस्था के कारण कई निवर्तमान पार्षदों को वार्ड बदलकर चुनाव लड़ना पड़ रहा है। कुछ वार्डों में एक से अधिक पूर्व पार्षद मैदान में उतर गए हैं। वार्ड नंबर 34 से प्रत्याशी अरुण झा ने कहा कि वे पहले वार्ड 26 के पार्षद थे और अपने पिछले कार्यों के आधार पर इस बार भी जनता का समर्थन मिलने की उम्मीद रखते हैं।
महिलाओं की बढ़ी भागीदारी
चुनाव में महिलाओं की भागीदारी भी खास तौर पर देखने को मिल रही है। आरक्षित सीटों के साथ-साथ सामान्य सीटों पर भी बड़ी संख्या में महिलाएं चुनावी मैदान में उतरी हैं, जिससे चुनावी माहौल और रोचक हो गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, सोमवार 2 फरवरी तक सभी 48 नगर निकायों में करीब 1500 नामांकन दाखिल हो चुके हैं। 4 फरवरी के बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि शहर की सरकार बनाने की इस दौड़ में कुल कितने प्रत्याशी मैदान में हैं।



