Breaking News

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कर्रा में ट्रांसफार्मर में लगी आग, सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी

Khunti: कर्रा प्रखंड अंतर्गत कुदा गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परिसर में लगे 100 केबीए क्षमता के बिजली ट्रांसफार्मर में मंगलवार की सुबह लगभग 5:40 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। उस समय विद्यालय परिसर के मैदान में छात्राएं पीटी कर रही थीं। ट्रांसफार्मर में आग लगते ही बच्चियों के बीच अफरा-तफरी मच गई, हालांकि विद्यालय प्रशासन की तत्परता से सभी बच्चियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय की वार्डन रश्मि कुमारी ने तत्काल बिजली विभाग से संपर्क कर स्थिति की जानकारी दी, जिसके बाद विभाग द्वारा तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। आग की लपटें देख आसपास के ग्रामीण भी विद्यालय परिसर में पहुंच गए। वहीं बिजली विभाग के मानव दिवस कर्मी अफजल मिरयासी, पुलिस कर्मी, विद्यालय के कर्मचारी एवं ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से विद्यालय में उपलब्ध अग्निरोधक सिलेंडर और बालू की मदद से आग पर काबू पाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बीडीओ स्मिता नगेशिया कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कर्रा पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। इधर, सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी विद्यालय परिसर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों और कर्मियों के सहयोग से आग पर नियंत्रण पाया जा चुका था। सभी ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए समय रहते आग को फैलने से रोक लिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई है, जो राहत की बात है। हालांकि ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल जाने के कारण विद्यालय में फिलहाल बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। विद्यालय कर्मियों द्वारा छात्राओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तत्काल वैकल्पिक बिजली व्यवस्था की गई है।

प्रशासन की ओर से जल्द ही नए ट्रांसफार्मर की व्यवस्था कर नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया गया है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post