Khunti: राज्यभर में सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है, जिसके तहत लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संदेश दिया जा रहा है, तो कहीं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। कई स्थानों पर वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है, वहीं झांकी और रैली के माध्यम से भी आम जनता को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। इसके साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारी स्कूलों और कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

इसी क्रम में आज खूंटी जिले में ‘रन फॉर रोड सेफ्टी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सड़क सुरक्षा के लिए सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को शपथ दिलाकर की गई। शपथ के माध्यम से सभी ने यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इसके बाद आयोजित जागरूकता दौड़ में जिले की उपायुक्त आर. रॉनिटा, पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मोटर यान निरीक्षक सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और स्कूली बच्चों ने भाग लिया। यह दौड़ समाहरणालय परिसर से शुरू होकर भगत सिंह चौक तक आयोजित की गई, जिसके माध्यम से आम लोगों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आर. रॉनिटा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि लोग हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित रूप से उपयोग करें, तय गति सीमा का पालन करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तो सड़क हादसों में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि रन फॉर रोड सेफ्टी जैसे आयोजनों से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और सुरक्षित सड़क संस्कृति को मजबूती मिलेगी।

वहीं पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने लोगों से अपील की कि सड़क पर चलते समय पूरी सतर्कता बरतें। उन्होंने वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर न केवल अपनी, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की भी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
इस आयोजन में शामिल स्कूली बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन—और यह तभी संभव है जब हर व्यक्ति यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करे।



