Palamu: झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा के बाद प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य में सबसे अधिक पांच नगर निकाय क्षेत्रों में चुनाव पलामू जिले में होने जा रहे हैं। इनमें मेदिनीनगर नगर निगम, हुसैनाबाद नगर पंचायत, छतरपुर नगर पंचायत, हरिहरगंज नगर पंचायत और बिश्रामपुर नगर परिषद शामिल हैं। पूरे झारखंड में सबसे अधिक 103 वार्ड भी पलामू जिले में ही हैं। जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
नगर निकाय चुनाव को लेकर गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसी के साथ नामांकन पत्रों की बिक्री भी की जाएगी। चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी अनुमंडल क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। साथ ही आदर्श आचार संहिता को लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी गई है, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जा सके।
पलामू जिले में कुल 246 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के 35 वार्डों में 1 लाख 29 हजार 34 मतदाता हैं। बिश्रामपुर नगर परिषद क्षेत्र में 20 वार्ड और 33 हजार 958 मतदाता, हुसैनाबाद नगर पंचायत में 16 वार्ड और 24 हजार 243 मतदाता, हरिहरगंज नगर पंचायत में 16 वार्ड और 22 हजार 482 मतदाता, जबकि छतरपुर नगर पंचायत में 16 वार्ड और 22 हजार 253 मतदाता हैं। डीसी समीरा एस. और एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि चुनाव को लेकर सभी गाइडलाइन जारी कर दी गई हैं।
मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में आयुक्त पद के लिए अपर समाहर्ता को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है और उनके कार्यालय कक्ष में नामांकन लिया जाएगा। वार्ड संख्या 1 से 7 तक के लिए सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी जागो महतो निर्वाची पदाधिकारी होंगे और उनके कार्यालय कक्ष में नामांकन होगा। वार्ड 8 से 14 तक के लिए पाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार झा निर्वाची पदाधिकारी होंगे, जो सुधार अंचल कार्यालय में नामांकन स्वीकार करेंगे।
वार्ड 15 से 21 तक के लिए चैनपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार दास निर्वाची पदाधिकारी बनाए गए हैं। वार्ड 21 से 28 तक के लिए सतबरवा के अंचल अधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की और वार्ड 29 से 35 तक के लिए मनातू के अंचल अधिकारी मदन कुमार सुमन निर्वाची पदाधिकारी होंगे। सभी वार्ड प्रत्याशियों का नामांकन सदर अंचल कार्यालय में लिया जाएगा।
अन्य निकाय क्षेत्रों में भी निर्वाची पदाधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। बिश्रामपुर नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है, जहां नामांकन बिश्रामपुर अंचल कार्यालय में लिया जाएगा। हुसैनाबाद नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता गौरांग महतो, हरिहरगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए छतरपुर के भूमि सुधार उप समाहर्ता विजय केरकेट्टा और छतरपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी जितेंद्र कुमार को निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।


