Breaking News

मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने फहराया तिरंगा, झांकियों में दिखी झारखंड की विकास गाथा

Ranchi: गणतंत्र दिवस के अवसर पर रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर आकर्षक परेड के साथ-साथ विभिन्न विभागों की झांकियां प्रदर्शित की गईं, जिनमें झारखंड की समृद्ध संस्कृति, राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की झलक देखने को मिली।

राज्यपाल का संबोधन, योजनाओं और उपलब्धियों पर जोर

परेड निरीक्षण के बाद राज्यपाल ने राज्यवासियों को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार द्वारा दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की और आभार जताया। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। राज्यपाल ने कहा कि पेसा नियमावली को लागू किया जाना जनजातीय विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

महिला सशक्तिकरण और रोजगार पर फोकस

राज्यपाल ने मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना माताओं, बहनों और बेटियों के सम्मान, स्वाभिमान और स्वावलंबन को मजबूत कर रही है। वर्तमान में इस योजना के तहत 51 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक करीब तीन लाख सखी मंडलों का गठन किया गया है, जिन्हें हजारों करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है। साथ ही सरकारी क्षेत्र की रिक्तियों को तेजी से भरने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े कदम

राज्यपाल ने कहा कि नेतरहाट आवासीय विद्यालय की तर्ज पर पश्चिम सिंहभूम, बोकारो और दुमका में तीन नए आवासीय विद्यालय शुरू करने की स्वीकृति दी गई है। व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 803 विद्यालयों में इसकी शुरुआत की गई है। वहीं गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है।

स्वास्थ्य सुविधाओं पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि सुपर स्पेशलिटी रिम्स-2 का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा पीपीपी मोड पर पूर्वी सिंहभूम, खूंटी, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा और धनबाद में छह नए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

विशिष्ट सेवा के लिए पुलिस अधिकारियों को सम्मान

समारोह के दौरान विशिष्ट कार्य के लिए कई पुलिस अधिकारियों और जवानों को पदक देकर सम्मानित किया गया। इसमें आईपीएस प्रभात कुमार, आईपीएस अश्विनी कुमार सिन्हा, एएसआई श्याम कुमार, एएसआई नौशाद अली, इंस्पेक्टर असीत कुमार मोदी, झारखंड जगुआर के सिपाही सचिन सुब्बा और राजू कुमार छेत्री सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

झांकियों ने बांधा समां

राज्यस्तरीय समारोह में प्रस्तुत झांकियों ने झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय जीवनशैली और विकास योजनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और पूरे उत्साह के साथ गणतंत्र दिवस का पर्व मनाया गया।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post