Khunti: हूटार स्थित चलागी गांव में अबुआ झारखण्ड पार्टी की ओर से पड़हा राजा सोमा मुंडा के आवासीय परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एक मिनट का मौन रखकर की गई, जिसके बाद पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पड़हा राजा सोमा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सहित सभी वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या को लेकर समाज और क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। वहीं अबुआ झारखण्ड पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी घटना को लेकर गहरा रोष देखा गया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष रिलन होरो ने कहा कि सोमा मुंडा जैसे बड़े सामाजिक नेता की हत्या ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस जघन्य हत्या से आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है और सरकार की भूमिका पर संदेह उत्पन्न हुआ है।

रिलन होरो ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द सोमा मुंडा के हत्यारों को गिरफ्तार कर उन्हें न्याय के कटघरे में नहीं लाया गया, तो पार्टी और समाज बड़े आंदोलन की ओर कदम बढ़ाने को मजबूर होंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि असली कातिलों और साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा। इसके लिए सामाजिक स्तर पर विचार-विमर्श शुरू कर दिया गया है और लगातार यह मांग उठ रही है कि पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के जरिए दोषियों को सजा मिल सके।
पार्टी के उपाध्यक्ष अजय तोपनो ने अपने संबोधन में कहा कि सोमा मुंडा के निधन से न केवल अबुआ झारखण्ड पार्टी को बल्कि पूरे समाज और झारखण्ड प्रदेश को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता इस घटना से मर्माहत हैं और सरकार से मांग करते हैं कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

श्रद्धांजलि सभा में पड़हा राजा सोमा मुंडा की पत्नी अमृता तिर्की भी उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि अपने पति के हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपकर सीबीआई जांच की मांग की है। उन्हें उम्मीद है कि सरकार उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी। अमृता तिर्की ने कहा कि यदि सीबीआई जांच होती है तो न केवल सोमा मुंडा को न्याय मिलेगा, बल्कि अब तक जमीन से जुड़े मामलों में जिन बड़े आदिवासी नेताओं की हत्या हुई है, उनके मामलों की भी गुत्थी सुलझेगी और दोषियों को सजा मिल सकेगी।

पार्टी के केंद्रीय सचिव फ्रेंकलिन धान ने कहा कि अबुआ झारखण्ड पार्टी सरकार से यह मांग करती है कि सोमा मुंडा हत्याकांड को जल्द से जल्द सीबीआई को सौंपा जाए और निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सीबीआई जांच नहीं कराई गई तो समाज और मूलवासी आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने वाले आदिवासी नेताओं को लगातार अपराधियों की गोलियों का शिकार बनाया जा रहा है, अब इसके खिलाफ सरकार से आर-पार की लड़ाई का वक्त आ गया है। 
इस श्रद्धांजलि सभा में अबुआ झारखण्ड पार्टी के मोनरेन तोपनो, विजय आईंद, संजय कुजूर, एसटी एक्का, विजय सिंह सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सोमा मुंडा के हत्यारों की गिरफ्तारी और सीबीआई जांच की मांग दोहराई



