Jamshedpur : सुबह की सर्द हवाओं और कड़ाके की ठंड के बावजूद रविवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर की सड़कें जोश, मस्ती और ऊर्जा से गुलजार रहीं। टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (यूआईएसएल) द्वारा आयोजित सीजन के पहले जैम@स्ट्रीट कार्यक्रम में एक लाख से अधिक शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सुबह 6 बजे से 9 बजे तक चले इस आयोजन के लिए बिष्टुपुर थाना से डायगनल रोड ट्रैफिक सिग्नल तक दोनों छोरों को पूरी तरह वाहनों के लिए बंद रखा गया। सड़क को खेलकूद और मनोरंजन का मंच बना दिया गया, जहां हर उम्र के लोग नजर आए।
खेल, संगीत और सेहत का संगम
जैम@स्ट्रीट में लाइव म्यूजिक, डांस, विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं और फन गेम्स ने लोगों को जमकर आकर्षित किया। प्राणिक हीलिंग टीम ने आंतरिक ऊर्जा जागृत करने के सत्र आयोजित किए, वहीं इस्कॉन टेंपल के शिष्यों ने हरे राम–हरे कृष्ण कीर्तन से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

खेलों में दिखा खास उत्साह
टाटा स्टील स्पोर्ट्स विभाग की ओर से वॉल क्लाइंबिंग, शतरंज, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, बैडमिंटन और फुटबॉल जैसी गतिविधियों की व्यवस्था की गई थी। जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (JFC) के काउंटर पर फुटबॉल से कोन गिराने वाले प्रतिभागियों को टी-शर्ट, की-चेन और स्टिकर जैसे आकर्षक इनाम दिए गए।
खानपान और स्टार्टअप्स की रही धूम
कार्यक्रम स्थल पर कई स्टार्टअप्स भी नजर आए। कुछ जगहों पर निशुल्क ब्लड प्रेशर जांच की जा रही थी, तो कहीं ‘पहलवान फूड’ के नाम पर अंकुरित चना और हेल्दी सलाद परोसे जा रहे थे। हालांकि, युवाओं के बीच सुबह-सुबह बर्गर, पिज्जा, हैंडमेड चॉकलेट और हार्ट चॉकलेट ब्राउनी की भी खूब मांग रही।

लाइव म्यूजिक पर जमकर थिरके लोग
जैम@स्ट्रीट के दौरान शहर के कई युवा बैंड्स ने लाइव परफॉर्मेंस दी। मोबाइल में वीडियो बनाते हुए युवा डांस करते नजर आए। एक रैपर की नॉन-स्टॉप परफॉर्मेंस ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
पूरे आयोजन के दौरान टाटा स्टील यूआईएसएल और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद रहीं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
जैम@स्ट्रीट ने यह साबित कर दिया कि ठंड चाहे जितनी भी हो, जमशेदपुर के लोग सेहत, खेल और मस्ती के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।




