Dhanbad: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जनवरी को हावड़ा–आनंदविहार अमृत भारत एक्सप्रेस को सांतरागाछी स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलेगी और धनबाद रेलवे स्टेशन पर रात 8:55 बजे पहुंचेगी। यहां यह पांच मिनट के ठहराव के बाद रात 9:00 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
रेलवे द्वारा जारी टाइम टेबल के अनुसार 03065 सांतरागाछी–आनंदविहार अमृत भारत स्पेशल दोपहर 3:00 बजे सांतरागाछी से खुलेगी। यह हावड़ा, बैंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर और आसनसोल होते हुए धनबाद पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन गोमो (9:28–9:30), पारसनाथ (9:48–9:50) और कोडरमा (10:33–10:35) में ठहराव करेगी।
आगे यह गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, डीडीयू, वाराणसी, जौनपुर सिटी, सुल्तानपुर, निहालगढ़, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, गजरौला, हापुड़ और गाजियाबाद होते हुए आनंदविहार पहुंचेगी। ट्रेन के अगले दिन रात 9:00 बजे आनंदविहार टर्मिनल पर पहुंचने का कार्यक्रम है।
22 जनवरी से नियमित साप्ताहिक सेवा
हावड़ा–आनंदविहार अमृत भारत एक्सप्रेस की नियमित साप्ताहिक सेवा 22 जनवरी से शुरू होगी। रेलवे सूत्रों के अनुसार टिकटों की बुकिंग आज से या जल्द शुरू होने की संभावना है। इस ट्रेन में केवल स्लीपर श्रेणी के टिकट उपलब्ध होंगे।
पैंट्री कार समेत आधुनिक सुविधाएं
अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा के लिए पैंट्री कार भी जोड़ी जाएगी। ट्रेन में स्लीपर के सात कोच और जनरल श्रेणी के दस कोच होंगे। रेलवे का कहना है कि यह ट्रेन कम किराए में लंबी दूरी की यात्रा को और अधिक सुविधाजनक बनाएगी, जिससे धनबाद समेत पूरे कोलांचल क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।



