Ranchi: झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के रांची कार्यालय पर पुलिस द्वारा छापा मारे जाने के बाद सियासी विवाद गरमा गया है। जानकारी के अनुसार, ED के दो अधिकारियों पर पेयजल विभाग के कर्मी से कथित मारपीट का आरोप लगा है। इसी मामले की जांच के सिलसिले में रांची पुलिस ने ईडी कार्यालय में छापा मारा।
इस घटना पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने तीखा बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पुलिस प्रशासन से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद हैं। बाबूलाल ने चेतावनी दी कि पुलिस कार्रवाई की आड़ में इन अहम साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ या उन्हें नष्ट करने का प्रयास किया जा सकता है।
बाबूलाल ने कहा, “झारखंड में पहले भी ईडी के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए हैं, और झामुमो-कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा ईडी पर हमले की कोशिशें भी हो चुकी हैं।” उन्होंने आगे कहा कि ऐसी घटनाएं जांच एजेंसियों के स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्य में बाधा डालने का प्रयास हैं।
बाबूलाल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चेतावनी देते हुए कहा, “हेमंत जी, कान खोलकर सुन लीजिए… झारखंड को बंगाल नहीं बनने देंगे। आपको भ्रष्टाचार की सजा जरूर मिलेगी।”
इस बयान को बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा कर झारखंड सरकार पर तंज भी कसा।



