Khunti: झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जयंती के अवसर पर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया द्वारा फटका पंचायत के विभिन्न गांवों एवं टोलों में जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्यक्रम के माध्यम से ठंड के मौसम में गरीब, बुजुर्ग, महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाई गई। 
इस अवसर पर विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पूरा जीवन आदिवासी, गरीब और वंचित समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष और सेवा को समर्पित रहा है। उनकी जयंती को सेवा और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से मनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि ठंड के इस मौसम में जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना हम सभी का मानवीय कर्तव्य है।

विधायक ने आगे कहा कि राज्य सरकार और जनप्रतिनिधि लगातार इस दिशा में प्रयासरत हैं कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और सहायता का लाभ पहुंचे। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद सहायता से वंचित न रहे। 
कंबल पाकर बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। ग्रामीणों ने विधायक सुदीप गुड़िया द्वारा किए गए इस सेवा कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



