Breaking News

पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या पर झामुमो का शोक, जुबैर अहमद ने दी श्रद्धांजलि, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग

Khunti: झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) खूंटी जिला इकाई द्वारा दिवंगत पड़हा राजा स्व. सोमा मुंडा को गहरी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद के नेतृत्व में पार्टी के जिला कमेटी पदाधिकारियों ने हूटार के चलागी गांव स्थित स्व. सोमा मुंडा के आवास पहुंचकर पहले एक मिनट का मौन रखकर उनकी पुण्य स्मृति को नमन किया, तत्पश्चात उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। परिजनों से बातचीत के क्रम में स्व. सोमा मुंडा की पत्नी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हूटार स्थित जियरप्पा में आयोजित होने वाली शोक सभा में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की। इस पर जिलाध्यक्ष ने तत्परता दिखाते हुए दूरभाष के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर मुख्यमंत्री के खूंटी आगमन को लेकर सकारात्मक प्रयास का आश्वासन दिया।

इसके पूर्व झामुमो जिला कार्यालय, खूंटी में भी स्व. सोमा मुंडा की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके संघर्षमय जीवन को स्मरण किया।

मौके पर जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने इस जघन्य हत्या की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी कर उन्हें कानून के कठघरे में खड़ा किया जाए, ताकि समाज में यह स्पष्ट संदेश जाए कि अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।

उन्होंने कहा कि स्व. सोमा मुंडा न केवल एक मिलनसार और लोकप्रिय व्यक्तित्व थे, बल्कि झारखण्ड अलग राज्य आंदोलन के समर्पित सेनानी भी रहे। वे जीवनपर्यंत जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहे। ऐसे जननेता की निर्मम हत्या पूरे समाज के लिए गहरा आघात है।

उल्लेखनीय है कि बीते सात जनवरी की देर शाम अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या कर दी गई थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे राज्य में आक्रोश और शोक का माहौल व्याप्त है, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post