Khunti: झारखंड सरकार के पूर्व वित्त मंत्री एवं वर्तमान लोहरदगा विधायक रामेश्वर उरांव आज खूंटी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पहड़ा राजा सोमा मुंडा की हत्या के मामले को लेकर खूंटी के पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली।
मुलाकात के दौरान रामेश्वर उरांव ने सोमा मुंडा एवं उनके परिजनों को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी एवं उन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन से गंभीर पहल करने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने आश्वस्त किया कि सोमा मुंडा हत्याकांड की जांच पूरी गंभीरता के साथ की जा रही है। उन्होंने बताया कि दोषियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई युद्धस्तर पर जारी है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।
इस अवसर पर रामेश्वर उरांव के साथ कर्रा विधानसभा के सांसद प्रतिनिधि बिक्रम नाग एवं कांग्रेस जिला महासचिव ऋतुराज झा भी उपस्थित थे।



