Khunti: खूंटी जिले के तपकरा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) परिवार के लिए एक अत्यंत दुःखद समाचार सामने आया है। तोरपा विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक सुदीप गुड़िया के पूज्य चाचा एवं झामुमो के कर्मठ कार्यकर्ता इम्मानुएल गुड़िया (ग्राम–तपकरा) का निधन हो गया। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे तपकरा क्षेत्र और झामुमो संगठन में शोक की लहर व्याप्त है। 
स्वर्गीय इम्मानुएल गुड़िया एक मृदुभाषी, सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और समाज सेवा के प्रति हमेशा समर्पित रहे। उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक उत्थान में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका जाना झामुमो संगठन और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति के रूप में देखा जा रहा है।
अपने चाचा के निधन पर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इम्मानुएल गुड़िया उनके लिए मार्गदर्शक थे। उन्होंने कहा, “मेरे चाचा का स्नेह और आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहा। उनका निधन मेरे लिए एक ऐसी व्यक्तिगत क्षति है जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति दें।” 
वहीं झामुमो जिला अध्यक्ष ज़ुबैर अहमद ने भी स्वर्गीय इम्मानुएल गुड़िया को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पार्टी आंदोलन और संगठन को मजबूती देने में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
शोक की इस घड़ी में झारखंड मुक्ति मोर्चा की पूरी टीम शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी दिखाई दी। श्रद्धांजलि सभा में झामुमो के केंद्रीय सदस्य वीरेन कांडुलना, देवनाथ मघईया, सुशांति कोनगाड़ी, मकसूद अंसारी, जिला सचिव सुशील पहान, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमृत तोपनो सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय इम्मानुएल गुड़िया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।



