Khunti: एदेल सांगा पड़हा राजा एवं झारखंड आंदोलनकारी सोमा मुंडा की निर्मम हत्या की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना पर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत दुखद और शर्मनाक बताया है।
विधायक सुदीप गुड़िया ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए खूंटी के उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से दूरभाष पर बातचीत की और हत्याकांड में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों को कानून के कठघरे में खड़ा किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
उन्होंने कहा कि समाज में हिंसा की कोई जगह नहीं है और इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को तोड़ने का काम करती हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वालों को कड़ी से कड़ी कानूनी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की वारदात को अंजाम देने का साहस न कर सके।
विधायक गुड़िया ने कहा कि सोमा मुंडा केवल एक व्यक्ति नहीं थे, बल्कि वे झारखंड आंदोलन के एक महत्वपूर्ण स्तंभ और आदिवासी समाज की सशक्त आवाज थे। उनका हमारे बीच न रहना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सोमा मुंडा ने समाज और क्षेत्र के लिए जो योगदान दिया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस दुख की घड़ी में विधायक सुदीप गुड़िया ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे और उनका पूरा दल शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने प्रशासन से यह भी अपील की कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि आमजन में भय का माहौल न बने और लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।



