Khunti: आदिवासी समाज के महान नेता, स्वतंत्रता सेनानी, संविधान सभा के सदस्य और भारतीय हॉकी को ओलंपिक में पहला स्वर्ण पदक दिलाने वाले कप्तान मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की 123वीं जयंती आज पूरे सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके पैतृक गांव टकरा (खूंटी जिला) में पारंपरिक मेले का आयोजन किया गया तथा हॉकी खेल प्रतियोगिताओं के जरिए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

जयंती समारोह के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला अध्यक्ष ज़ुबैर अहमद की अध्यक्षता में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने टकरा स्थित जयपाल सिंह मुंडा की समाधि स्थल पर पहुंचकर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, खिलाड़ी और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा भी शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जयपाल सिंह मुंडा एक महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने झारखंड अलग राज्य की मांग को संगठित आंदोलन का स्वरूप देने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आदिवासी अधिकार, जल-जंगल-जमीन और स्वाभिमान की लड़ाई में जयपाल सिंह मुंडा का योगदान अविस्मरणीय है और उनकी विरासत आज भी समाज व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।
वहीं, झामुमो जिला अध्यक्ष ज़ुबैर अहमद ने कहा कि मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा आदिवासी स्वाभिमान के प्रतीक थे। उन्होंने 1928 के एम्स्टर्डम ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम को पहला स्वर्ण पदक दिलाकर देश का नाम विश्व पटल पर रोशन किया। इसके साथ ही वे ऑक्सफोर्ड ब्लू सम्मान से सम्मानित हुए और संविधान सभा के सदस्य के रूप में उन्होंने समानता, सम्मान और अधिकार की मजबूती से आवाज उठाई। ज़ुबैर अहमद ने कहा कि समानता और न्याय के लिए उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को सदैव मार्गदर्शन देता रहेगा। 
जयंती के अवसर पर आयोजित हॉकी खेल प्रतियोगिता में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खिलाड़ियों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। मेला परिसर में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला, जहां आदिवासी परंपरा और खेल संस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
इस मौके पर झामुमो जिला कमिटी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें जिला सचिव सुशील पाहन, उपाध्यक्ष गुलशन सिंह मुंडा, संगठन सचिव शंकर सिंह मुंडा, प्रवक्ता तौकीर आलम, क्रीड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रकाश नाग मुंडा, क्रीड़ा मोर्चा जिला सह सचिव जॉन कच्छप, क्रीड़ा मोर्चा जिला सदस्य एंथोनी कच्छप, दिलीप कच्छप सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
कार्यक्रम का समापन मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अमर रहें के नारों और उनके आदर्शों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ किया गया।



