Dhanbad : धनबाद जिले के निरसा इलाके में नए साल के पहले दिन दहशत फैलाने वाली घटना सामने आई है। निरसा थाना क्षेत्र के खुदिया नदी काली माटी कॉलोनी में गुरुवार को बाइक सवार दो अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में अंधाधुंध फायरिंग की। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिल्मी स्टाइल में की गई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शी गुड्डू चौहान के अनुसार, दो युवक बाइक पर सवार होकर काली मंदिर की ओर से आए। बाइक के पीछे बैठे दोनों युवकों के हाथों में पिस्तौल थी और उन्होंने चलते-चलते अंधाधुंध गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से लोग घबरा गए और कई लोगों को गैंगवार की आशंका होने लगी।
मौके से छह खोखे बरामद
घटना की सूचना मिलते ही निरसा पुलिस हरकत में आई। एसडीपीओ रजत माणिक बाखला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छानबीन के दौरान घटनास्थल से छह गोली के खोखे बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गोली चलाने वाले की पहचान गोराई सिंह के बेटे युवराज सिंह के रूप में हुई है।
15 हजार रुपये के लेन-देन का विवाद बताया जा रहा कारण
पुलिस की प्रारंभिक जांच में फायरिंग की वजह आपसी लेन-देन का विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि निरंजन नामक युवक ने किसी से 15 हजार रुपये उधार लिए थे और वह रकम लौटाने में टालमटोल कर रहा था। इसी बात से नाराज होकर दूसरे गुट के युवक उसे तलाशते हुए इलाके में पहुंचे और दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग की।
पहले भी हो चुकी है झड़प
जानकारी के अनुसार, रुपये देने वाले गुट में चार से पांच युवक हैं, जबकि रुपये लेने वाले गुट में सात से आठ युवक शामिल बताए जा रहे हैं। पैसों के विवाद को लेकर पहले भी दोनों गुटों के बीच झड़प हो चुकी थी, जो अब हिंसक रूप ले चुकी है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
एसडीपीओ रजत माणिक बाखला ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



