Khunti: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर खूँटी जिले में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें कांग्रेस पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति देखने को मिली।
इस गौरवशाली अवसर पर सांसद कालीचरण मुंडा द्वारा भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के जिला अध्यक्ष आमिर हुसैन को उनकी उत्कृष्ट कार्यकुशलता, संगठनात्मक क्षमता एवं पार्टी के प्रति निष्ठा के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सांसद ने कहा कि युवा नेतृत्व ही कांग्रेस पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और आमिर हुसैन जैसे कर्मठ युवा नेता संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में खूँटी विधानसभा अध्यक्ष जय कुमार साहू, तोरपा विधानसभा अध्यक्ष इमरान खान, कर्रा प्रखंड अध्यक्ष संदीप महतो, जिला उपाध्यक्ष सहरोन सुरीन, अनमोल धान, बाहा मुंडा, खूँटी विधानसभा उपाध्यक्ष सुभाष होरो, मीडिया प्रभारी मो. साजिद एवं आयुष साहू, सदस्य नवाज अंसारी और नन्हे खान सहित कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सम्मान प्राप्त करने पर आमिर हुसैन ने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत नहीं बल्कि जिले के प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और आम लोगों के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस स्थापना दिवस की एक-दूसरे को बधाई दी और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।



