Giridih : कांग्रेस पार्टी में कथित ‘स्लीपर सेल’ को लेकर लगातार विरोधाभासी बयान सामने आ रहे हैं। कभी कहा जा रहा है कि स्लीपर सेल को चिन्हित किया जा रहा है, तो कभी उन्हें सामने लाने की बात हो रही है। इसी मुद्दे पर अब झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की का बयान चर्चा में है।
गिरिडीह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बंधु तिर्की ने कहा कि 28 दिसंबर को कांग्रेस पार्टी अपनी 140वीं वर्षगांठ मनाने जा रही है। इस अवसर पर पूरे झारखंड में लगभग 70 हजार घरों में कांग्रेस का झंडा लगाया जाएगा। पंचायत स्तर से लेकर पार्टी के बड़े पदाधिकारियों तक सभी अपने-अपने घरों में झंडा लगाएंगे।
‘जो दिखते नहीं, उनके घरों में भी लगेगा झंडा’
बंधु तिर्की ने राहुल गांधी के स्लीपर सेल वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी में ऐसे लोग भी हैं जो दिखते नहीं हैं, लेकिन कांग्रेस के साथ जुड़े हुए हैं। ऐसे लोगों के घरों में भी झंडा लगाया जाएगा। उनके इस बयान से यह संकेत मिला कि कांग्रेस 28 दिसंबर को ऐसे कई चेहरों को सामने ला सकती है, जिन्हें अब तक ‘स्लीपर सेल’ कहा जा रहा था।
संगठन विरोधी तत्वों पर कार्रवाई की बात
बंधु तिर्की के बयान के बाद कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं का कहना है कि पार्टी संगठन उन लोगों को पहले ही चिन्हित कर चुकी है, जो कांग्रेस में रहते हुए विरोधी दलों के साथ मिले हुए हैं। ऐसे संगठन विरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।
संगठन मजबूती पर भी दिया गया जोर
इससे पहले झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी और कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने जिला कमेटियों को संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले और उसके बाद कांग्रेस द्वारा किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है।
नेताओं ने यह भी कहा कि देश में नई पीढ़ी कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान से अनजान है या फिर उन्हें भ्रमित किया जा रहा है। ऐसे में पार्टी की जिम्मेदारी है कि वह नई पीढ़ी को सच्चाई से रूबरू कराए। इस बैठक में जिलाध्यक्ष सतीश केडिया समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद थे।
कुल मिलाकर, स्लीपर सेल को लेकर कांग्रेस के भीतर बयानबाजी से यह साफ है कि पार्टी में इस मुद्दे पर अभी भी स्पष्टता का अभाव है, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।


