Khunti: झारखंड यूथ कांग्रेस के हाल ही में संपन्न हुए संगठनात्मक चुनाव के नतीजों के बाद खूंटी जिला यूथ कांग्रेस को नया नेतृत्व मिल गया है। चुनाव परिणामों में अमिर हुसैन ने खूंटी जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की, जबकि सैरोन सुरीन उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। दोनों नेताओं की जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने अमिर हुसैन एवं सैरोन सुरीन को जीत की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी केवल पद तक सीमित नहीं है, बल्कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। रवि मिश्रा ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरे खूंटी जिले में घर-घर जाकर कांग्रेस पार्टी के कार्यों, उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं। 
जिला अध्यक्ष ने आगे कहा कि युवाओं की भूमिका आने वाले समय में बेहद अहम होने वाली है। उन्होंने आशा जताई कि युवा कांग्रेस की जिला कमिटी का गठन जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा, ताकि संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। साथ ही उन्होंने आगामी नगर पंचायत चुनाव में युवाओं को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अमिर हुसैन और सैरोन सुरीन ने भी इस अवसर पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को साथ लेकर कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी।
इस जीत पर बधाई देने वालों में सांसद कालीचरण मुंडा, प्रदेश सचिव पीटर मुंडू, सहकारिता प्रकोष्ठ के महासचिव नाईमुदीन खां, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलसन तोपनो, जुनैद खान, पौल भेंगरा, गुलाम गौश, सोहेल अंसारी, फिरोज आलम, ऋतुराज झा, अनमोल होरो, जेम्स तोपनो, विक्टर कंडीर, जुलूयूस भेंगरा, तलहा खां, शांता खाखा, हेलेन तिडू, सुषमा भेंगरा, मगरीता खेस, अनीता नाग, इन्दुआन्ना हस्सा, सुन्दरमनी हंस, अजय कुमार साहू, अजय मुंडा, विजय स्वासिं सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में खूंटी जिला यूथ कांग्रेस नई ऊर्जा के साथ संगठनात्मक मजबूती की दिशा में आगे बढ़ेगी और कांग्रेस पार्टी को जनसमर्थन दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



