Priyanka Chopra Jonas & Nick Jonas: ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा हाल ही में कपिल शर्मा के कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में नजर आईं, जहां उन्होंने पति निक जोनस से जुड़ा एक मजेदार किस्सा साझा किया। प्रियंका ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार निक को देसी हाजमोला चखाया, तो उनका रिएक्शन सुनकर पूरा स्टूडियो ठहाकों से गूंज उठा।
सालों बाद कपिल शर्मा के शो में पहुंचीं प्रियंका चोपड़ा ने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े कई दिलचस्प और फनी किस्से सुनाए। करवा चौथ से लेकर पंजाबी फैमिली में निक के निकनेम तक, प्रियंका की हर बात दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। इसी कड़ी में उन्होंने विदेशी पति को देसी स्वाद से रूबरू कराने का अनुभव भी साझा किया।
प्रियंका ने बताया कि भले ही वह विदेश में रहती हैं, लेकिन उनकी देसी आदतें आज भी बरकरार हैं। उन्हें अचार और चटपटी चीजों का बेहद शौक है। उन्होंने शो में कहा कि उनके घर में एक खास ड्रॉअर है, जिसमें आम पापड़, हाजमोला और दूसरी देसी चटर-पटर चीजें हमेशा मौजूद रहती हैं।
एक्ट्रेस ने हंसते हुए बताया कि एक दिन निक जोनस ने उस ड्रॉअर के बारे में पूछा। प्रियंका ने पहले तो उन्हें दूर रहने की सलाह दी, लेकिन निक की जिज्ञासा इतनी बढ़ गई कि आखिरकार उन्होंने हाजमोला चख ही लिया। जैसे ही निक ने हाजमोला खाया, उनका रिएक्शन बेहद फनी था।
प्रियंका के मुताबिक, हाजमोला खाते ही निक ने उनसे मासूमियत से पूछा, “ये फार्ट जैसा क्यों महक रहा है?” यह सुनते ही शो में मौजूद सभी लोग जोर-जोर से हंसने लगे और कपिल शर्मा भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा करीब 6 साल बाद भारतीय फिल्मों में वापसी कर रही हैं। वह इन दिनों एसएस राजामौली की अपकमिंग फिल्म ‘वाराणसी’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसमें उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।



