Khunti: जिला मुख्यालय में दिनों-दिन गहराती जाम की समस्या को देखते हुए झारखंड पार्टी के नेता योगेश वर्मा ने राज्य के मुख्यमंत्री से शहर में 10 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर रोड के निर्माण की मांग की है। उन्होंने कहा कि खूंटी शहर की लाइफलाइन अब जाम के कारण थमने लगी है, जिसका समाधान फ्लाईओवर ही है।
योगेश वर्मा ने बताया कि 12 सितंबर 2007 को जिला गठन के बाद से खूंटी में दोपहिया और चार पहिया वाहनों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। इसके साथ ही खूंटी में इंडियन ऑयल टर्मिनल (IOCL) खुलने के बाद से हर दिन 200 से 250 भारी टैंकर शहर के बीचों-बीच से गुजरते हैं। जमशेदपुर से राउरकेला जाने वाले मालवाहक वाहन भी इसी रूट का इस्तेमाल करते हैं, जिससे शहर की सड़कें छोटी पड़ने लगी हैं।
मांग पत्र में इस बात पर जोर दिया गया है कि जाम का सबसे बुरा असर स्कूली बच्चों और मरीजों पर पड़ रहा है, स्कूल की छुट्टी के समय बच्चे घंटों जाम में फंसे रहते हैं, जिससे अभिभावक भी घर पर चिंतित रहते हैं।
तोरपा, रनिया और कर्रा जैसे इलाकों से जब एंबुलेंस गंभीर मरीजों को लेकर सदर अस्पताल रेफर की जाती है, तो उन्हें भी जाम के कारण भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। समय पर इलाज न मिलना जानलेवा साबित हो सकता है।
योगेश वर्मा ने कहा कि फ्लाईओवर का निर्माण अनिवार्य आवश्यकता बन गई है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर अति शीघ्र विचार किया जाए और फ्लाईओवर की योजना को स्वीकृति दी जाए ताकि जनता को इस दैनिक जाम से मुक्ति मिल सके।



