Ranchi : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 28 दिसंबर से तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर आ रही हैं। वे 28 दिसंबर को रांची पहुंचेंगी और 28 व 29 दिसंबर को राजभवन (लोक भवन) में विश्राम करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 दिसंबर को वे जमशेदपुर जाएंगी, जहां दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। इसके बाद 30 दिसंबर को उनका गुमला दौरा प्रस्तावित है, जहां से वे दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने पर शताब्दी समारोह में शिरकत
29 दिसंबर को जमशेदपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संथाली भाषा की ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यह जानकारी ऑल इंडिया संथाली राइटर्स एसोसिएशन के महासचिव रवींद्र नाथ मुर्मू ने दी।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन जाहेरथान कमेटी और ऑल इंडिया संथाली राइटर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 22वें संथाली भाषा दिवस के अवसर पर किया जा रहा है। आठ दिवसीय यह शताब्दी समारोह 22 से 29 दिसंबर 2025 तक दिल्ली, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और झारखंड में आयोजित किया जा रहा है। जमशेदपुर में 27, 28 और 29 दिसंबर को विशेष कार्यक्रम होंगे, जिनमें देशभर से संथाली साहित्यकार, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता भाग लेंगे।
नारी चेतना से डिजिटल युग तक, कई विषयों पर होगा मंथन
शताब्दी समारोह के दौरान नारी चेतना, संथाली समाज में महिलाओं की भूमिका, संथाली कवि सम्मेलन, शहरीकरण का भाषा पर प्रभाव और डिजिटल युग में संथाली भाषा व संस्कृति के संरक्षण व विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
समापन समारोह में झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मयूरभंज के सांसद कालीचरण सोरेन और ओडिशा की दामयंती बेसरा की मौजूदगी भी प्रस्तावित है। राष्ट्रपति इस अवसर पर संथाली भाषा और संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन पर अपने विचार साझा करेंगी। कार्यक्रम में सीमित संख्या में लोगों को ही प्रवेश मिलेगा, जिसके लिए पूर्व रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा।
एनआईटी जमशेदपुर का 15वां दीक्षांत समारोह
29 दिसंबर को ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। एनआईटी के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार के अनुसार राष्ट्रपति का कार्यक्रम लगभग एक घंटे का होगा। इस दौरान वे बीटेक और एमटेक की एक-एक छात्रा को गोल्ड मेडल प्रदान करेंगी। दीक्षांत समारोह में करीब 1000 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां दी जाएंगी।
अलर्ट मोड में प्रशासन
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है। सरायकेला के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और एसपी मुकेश लुनायत सहित वरीय अधिकारियों ने एनआईटी परिसर और करनडीह स्थित दिशोम जाहेर परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर कोई चूक न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं।



