Breaking News

झारखंड छात्र मोर्चा ने बिरसा कॉलेज, खूँटी में बी.एड. की पढ़ाई शीघ्र शुरू करने की उठाई मांग

Khunti: झारखंड छात्र मोर्चा (JCM) ने बिरसा कॉलेज, खूँटी में बी.एड. की पढ़ाई तत्काल शुरू कराने की मांग को लेकर आज कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य/प्राचार्या को एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व झारखंड छात्र मोर्चा के जिला अध्यक्ष कमलेश महतो ने किया। ज्ञापन में बी.एड. पाठ्यक्रम शुरू न होने से छात्रों को हो रही शैक्षणिक परेशानियों का उल्लेख करते हुए अविलंब कार्रवाई की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पिछले सत्र में बी.एड. में प्रवेश लेने वाले छात्रों की पढ़ाई अब तक शुरू नहीं हो सकी है, जिससे उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है। छात्रों को समय और संसाधनों की दोहरी क्षति उठानी पड़ रही है, वहीं भविष्य को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य/प्राचार्या ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से बी.एड. की पढ़ाई शुरू कराने से संबंधित आवश्यक प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है और प्रक्रिया में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है।

झारखंड छात्र मोर्चा के जिला अध्यक्ष कमलेश महतो ने कहा कि वे पहले भी बी.एड. की पढ़ाई शुरू कराने को लेकर प्रशासन से मांग कर चुके हैं। प्रशासन ने आश्वासन तो दिया, लेकिन जमीन समस्या के कारण अब तक बी.एड. की कक्षाएं शुरू नहीं हो पाईं। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार द्वारा बिरसा कॉलेज को साढ़े 13 एकड़ जमीन सदन से पारित की जा चुकी है, इसके बावजूद अब तक बी.एड. की पढ़ाई शुरू न होना चिंता का विषय है।

उन्होंने आगे कहा कि बिरसा कॉलेज क्षेत्र के आदिवासी–मूलवासी एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। अधिकांश छात्रों की आर्थिक स्थिति इतनी सुदृढ़ नहीं है कि वे रांची जैसे बड़े शहरों में जाकर बी.एड. की पढ़ाई कर सकें। ऐसे में कॉलेज में ही बी.एड. की पढ़ाई शुरू होना अत्यंत आवश्यक है।

झारखंड छात्र मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बी.एड. की पढ़ाई शुरू नहीं की गई, तो छात्र संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। संगठन ने इसे छात्रों के भविष्य और शैक्षणिक सत्र की नियमितता से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के सचिव दोवारी मुंडू, उपाध्यक्ष अभिमन्यु कुमार, सह सचिव अभिराज कुमार, बसंत महतो, संगठन सचिव बिरंग तिर्की, अंजू कुमारी, मुरहू प्रखंड अध्यक्ष कमल मुंडा, सचिव अभिषेक पूर्ति, कोषाध्यक्ष लखन कंडीर, विनोद प्रजापति सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

छात्र मोर्चा ने प्रशासन से मांग की है कि सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कर बी.एड. की पढ़ाई अविलंब शुरू की जाए, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके और उनका शैक्षणिक सत्र बाधित न हो।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post