Koderma: झारखंड के कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत देवीपुर गांव के रहने वाले सीआरपीएफ जवान सुजीत सिंह (27) ने जम्मू-कश्मीर में बुधवार देर रात खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। रात करीब 11 बजे हुई इस घटना की सूचना गुरुवार सुबह परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों तक पहुंची, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव में पसरा मातम, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
सुजीत सिंह देवीपुर पंचायत के बाभन टोला के रहने वाले थे। उनके पिता सिकंदर प्रसाद सिंह किसान और समाजसेवी हैं, जबकि मां इलमा देवी गृहिणी हैं। नौ माह पूर्व ही सुजीत की शादी गिरिडीह जिले के मिर्जागंज स्थित बदडीहा गांव में हुई थी। घटना की खबर मिलते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिवार के अन्य सदस्य सदमे में हैं।

दो साल पहले हुई थी बहाली, बड़ा भाई भी सीआरपीएफ में
सुजीत का चयन वर्ष 2023 में सीआरपीएफ में हुआ था और उनकी सेवा अवधि अभी दो साल भी पूरी नहीं हुई थी। उनका बड़ा भाई भी वर्ष 2021 से सीआरपीएफ में कार्यरत है। परिवारवालों के मुताबिक, सुजीत कुछ दिन पहले छठ पूजा पर छुट्टी बिताकर ड्यूटी के लिए श्रीनगर लौटे थे।

सुजीत सिंह के पिता सिकंदर प्रसाद सिंह।
शाम तक पहुंचेगा पार्थिव शरीर
प्रशासन ने बताया कि जवान का पार्थिव शरीर आज (गुरुवार) शाम तक मरकच्चो पहुंच जाने की संभावना है। स्वजन और जिला प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार की तैयारियाँ की जा रही हैं।
आत्महत्या के कारणों का अभी तक नहीं हुआ खुलासा
जवान ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और संबंधित विभाग से आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

देवीपुर स्थित मकान की छत पर रोती बिलखती मां व परिजन।



