Dhanbad : धनबाद के केंदुआडीह क्षेत्र में भू-गर्भीय गैस रिसाव का खतरा बढ़ गया है। पिछले 24 घंटे में गैस की चपेट में आने से दो महिलाओं—कल्पना देवी और एक अन्य—की मौत हो गई है। वहीं 50 से अधिक लोग बीमार हैं और करीब 5000 लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। स्थिति गंभीर होने पर अब स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है।
डीसी आदित्य रंजन के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने प्रभावित क्षेत्रों में दो अलग-अलग मेडिकल टीमों की तैनाती कर दी है। एक टीम पुटकी थाना क्षेत्र में और दूसरी टीम केंदुआडीह के निकट काम कर रही है। दोनों जगह 108 एंबुलेंस, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ को standby पर रखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति की गंभीरता देखते हुए इलाके के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। आने वाले तीन दिनों तक कोई अवकाश नहीं दिया जाएगा। कम्युनिटी मेडिकल ऑफिसर्स की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं ताकि प्रभावित लोगों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
सिविल सर्जन ने स्थानीय टीमों को निर्देश दिया है कि वे घर-घर जाकर लोगों की जांच करें और आवश्यक चिकित्सा सेवा प्रदान करें। प्रभावित व्यक्तियों को साफ पानी से चेहरा और हाथ-पैर धोने की सलाह दी गई है। साथ ही छोटे बच्चों और बुजुर्गों को प्रभावित क्षेत्रों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर ले जाने को कहा गया है। पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
गैस की पहचान की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन माना जा रहा है कि यह सीधे फेफड़ों को प्रभावित कर रही है। ऐसे में प्रभावित इलाकों के लोगों को दूसरी जगह स्थानांतरित होने की अपील की गई है।
उधर, जिले के सभी सरकारी अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है। बीमार लोगों के उपचार के लिए सदर अस्पताल से लेकर मेडिकल कॉलेज तक सभी संस्थानों को तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर पर मरीजों को ऑक्सीजन भी मुहैया कराई जाएगी।
गैस रिसाव की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है, और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।



