Khunti: कर्रा प्रखंड अंतर्गत कर्रा, मेहा एवं छाता पंचायत भवन में गुरुवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान तीनों पंचायतों में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा, झामुमो केन्द्रीय सदस्य मकसूद अंसारी, झामुमो जिला सचिव सुशील पाहन, सिविल सर्जन डॉ. नगेश्वर मांझी, बीडीओ स्मिता नगेशिया, सीओ अन्वेषा ओना व झामुमो युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी उपस्थित रहे। अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल पर लगे सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा मौके पर उपस्थित ग्रामीणों की सहायता कर योजनाओं का लाभ दिलवाया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जनहितकारी पहल: विधायक
कर्रा पंचायत भवन में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ने जनकल्याण को सर्वोपरि रखते हुए सरकार आपके द्वार अभियान शुरू किया है, जिसका उद्देश्य सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं को लोगों की दहलीज तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से विभागों का सीधा संपर्क आम जनता से स्थापित हो रहा है, जिससे लाभार्थियों को योजनाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है, इसी उद्देश्य के तहत स्वास्थ्य, आवास, पेंशन, प्रमाणपत्र, पेयजल, मनरेगा, पशुपालन, उद्योग एवं कल्याण विभाग सहित कई योजनाओं को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराया गया है।
मौके पर ही प्रमाणपत्र निर्गत, महिलाओं का सम्मान
अभियान के तहत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पेंशन, आवास, स्वास्थ्य जाँच, मनरेगा जॉब कार्ड, बीमा, राशन एवं अन्य सेवाओं के लिए आवेदन दिया। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ऑन द स्पॉट जाति और आवासीय प्रमाणपत्र निर्गत किए गए, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में महिला मंडल समूह की दीदियों को आईडी कार्ड प्रदान किए गए। साथ ही अन्नप्राशन एवं गोद भराई संस्कार संपन्न कर बच्चों व माताओं के स्वास्थ्य संरक्षण का संदेश दिया गया। बच्ची का मुंहजुठ्ठी कराया गया तथा कई महिलाओं को फूलो-झानो योजना से जोड़ा गया। विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों से आवेदन भी लिए और कई लाभ तत्काल उपलब्ध कराए।

विभागों ने लगाए विभिन्न स्टॉल
जन-सुविधा को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित विभागों की सक्रिय भागीदारी रही-
स्वास्थ्य विभाग
अंचल विभाग
सामाजिक सुरक्षा पेंशन
पशुपालन विभाग
आईसीडीएस
पेयजल एवं स्वच्छता
मनरेगा
आवास योजना
जेएसएलपीएस
उद्योग विभाग
पीडीएस विभाग
सहित अन्य कई विभागों ने भी स्टॉल लगाकर सेवाएँ उपलब्ध कराईं।
बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे
कार्यक्रम में कर्रा पंचायत मुखिया रश्मि लकड़ा, मेहा पंचायत मुखिया अजय खलखो, छाता पंचायत मुखिया सुखराम मुंडा सहित तीनों पंचायतों के पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, जनसेवक, स्वास्थ्य कर्मी, आंगनबाड़ी सेविका, सहिया एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे दिन कार्यक्रम स्थल पर कार्यवाही और भीड़ देखी गई, जिससे सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों की रुचि स्पष्ट दिखाई दी।



