Ghatshila : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के नतीजों में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की। झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन ने भाजपा के बाबूलाल सोरेन को 38,601 वोटों से हराकर सीट अपने नाम कर ली। कुल परिणामों के अनुसार झामुमो को 1,04,936, भाजपा को 66,335 और जेएलकेएम को 11,563 वोट मिले। इस जीत के बाद घाटशिला से लेकर जमशेदपुर तक झामुमो समर्थकों ने पटाखे फोड़कर, गुलाल लगाकर और लड्डू खिलाकर जश्न मनाया।
इस जीत को झामुमो कार्यकर्ता पूर्व विधायक और दिवंगत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को जनता की ओर से दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि के रूप में देख रहे हैं। मतगणना को-ऑपरेटिव कॉलेज में 15 टेबल पर 20 राउंड में हुई, जिसमें झामुमो प्रत्याशी पहले राउंड से ही लगातार आगे रहे। शुरुआती राउंड में भाजपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर खिसक गए थे, हालांकि दूसरे राउंड में उन्होंने वापस दूसरा स्थान हासिल किया। इसके बावजूद 20 राउंड की पूरी गिनती में एक भी ऐसा मौका नहीं आया जब वे झामुमो प्रत्याशी को पछाड़ पाते।
जेएलकेएम उम्मीदवार रामदास मुर्मू इस चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे। खास बात यह रही कि 2024 के विधानसभा चुनाव में मिले 8,092 वोटों की तुलना में इस बार उनके वोट बढ़कर 11,563 हो गए। मतगणना स्थल के बाहर झामुमो कैंप में पहले ही राउंड से जश्न शुरू हो गया था, जबकि भाजपा कैंप के कार्यकर्ता सातवें राउंड के बाद ही परिसर छोड़कर चले गए थे।
2024 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो झामुमो के रामदास सोरेन ने बाबूलाल सोरेन को 22,446 वोटों से हराया था। हालांकि इस उपचुनाव में भाजपा अपने पिछली बार के 75,910 वोट भी बरकरार नहीं रख सकी और बाबूलाल सोरेन को करीब 9,675 वोट कम मिले। दिवंगत रामदास सोरेन के निधन के कारण यह सीट खाली हुई थी, और अब उनके पुत्र सोमेश सोरेन ने यह सीट संभालकर झामुमो की जीत की हैट्रिक दर्ज कर दी है।



