Khunti: खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा आज कर्रा प्रखंड क्षेत्र के कूदलूम पंचायत स्थित दिगादोन गांव में ग्रामीणों द्वारा आयोजित एक विशेष बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे जहां पारंपरिक रीतिरिवाज से उनका स्वागत किया गया, कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा जहां विधायक ने ग्रामीणों की समस्या को सुना।
ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि जनता की वास्तविक समस्याओं को समझने के लिए क्षेत्र भ्रमण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वे जनता की सेवा करने के लिए ही विधायक बने हैं और हर गांव जाकर लोगों की समस्याओं को सुनना व समाधान कराना उनका कर्तव्य है साथ हीं उन्होंने ग्रामीणों की समस्या के समाधान का आश्वासन भी दिया।
विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि वे पिछले कई महीनों से लगातार गांव-गांव जाकर जनता से मिल रहे हैं। वे ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा — “मैं गरीब, किसान और मजदूर का प्रतिनिधि हूं। जनता की तकलीफ मेरी अपनी तकलीफ है। हर गांव में जाकर लोगों की परेशानी सुनूंगा और उनका समाधान सुनिश्चित करूंगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण इलाकों में अब भी कई बुनियादी समस्याएं हैं, जिनके समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच जाकर काम करना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे अपनी समस्याएं खुलकर बताएं ताकि प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में झामुमो जिला अध्यक्ष जुबेर अहमद ने कहा कि “अबुआ दिसुम अबुआ राज” की सरकार जनकल्याण के लिए समर्पित है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र में कई योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ अब जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार हर वर्ग के विकास के लिए संकल्पित है।



