Dhanbad : धनबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए योग नगरी ऋषिकेश–हावड़ा दून एक्सप्रेस से 78 जीवित कछुए बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 7 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है। बरामदगी के बाद सभी कछुओं को वन विभाग को सौंप दिया गया।
RPF को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन के महिला कोच में कछुओं की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित छापेमारी की और एक बैग से 78 कछुए बरामद किए। पूछताछ के दौरान किसी ने भी कछुओं के स्वामित्व का दावा नहीं किया, जिसके बाद उन्हें जब्त कर लिया गया।
बरामद कछुओं को वन क्षेत्र पदाधिकारी, धनबाद को सौंपा गया है ताकि वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा सके। यह कानून कछुओं को संरक्षित प्रजाति का दर्जा देता है और इनके व्यापार या परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध है।
इस अभियान में आरपीएफ टीम के सदस्य कुंदन कुमार, जीवलाल राम, बबुलेश कुमार, सत्येंद्र प्रसाद, प्रमोद कुमार और विवेक कुमार शामिल थे। टीम ने ट्रेन के अन्य डिब्बों की भी तलाशी ली ताकि यह पता लगाया जा सके कि तस्करी में और कौन शामिल था।
RPF ने बताया कि हाल के महीनों में कछुओं की तस्करी के कई मामले सामने आए हैं। रेलवे सुरक्षा बल ने वन विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाकर तस्करी रोकने की कवायद तेज कर दी है। बरामद कछुओं को सुरक्षित रूप से प्राकृतिक आवास में छोड़े जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



