Latehar : जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक जंगली हाथी के अचानक सड़क पर आ जाने से इलाके में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया था और करीब 12 किलोमीटर तक सड़क पर चलता रहा। इस दौरान वह महुआडांड़-नेतरहाट मुख्य मार्ग से होते हुए मुख्य शहर तक पहुंच गया।
घटना उस समय हुई जब एक ट्रक महुआडांड़ से नेतरहाट की ओर जा रहा था। अचानक हाथी सड़क पर आ गया, जिससे चालक ने गाड़ी रोक दी और खुद भागकर जान बचाई। इसके बाद हाथी कई घंटों तक ट्रक के आसपास चहलकदमी करता रहा।
करीब पांच घंटे तक सड़क पर मौजूद रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्रियों में दहशत फैल गई और कई वाहन चालकों ने वैकल्पिक मार्ग से रास्ता पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनपाल कुंवर गंझू ने बताया कि हाथी को सड़क से हटाने की कोशिश जारी है, लेकिन लोगों की भीड़ के कारण वह भयभीत हो गया है, जिससे उसे जंगल की ओर भगाने में मुश्किलें आ रही हैं।

टीम के अनुसार, यह हाथी गुमला जिले के बांस टोली गांव की ओर से भटककर माइल, सोहर गांव होते हुए महुआडांड़ इलाके में पहुंचा है। अब यह महुआ नाडोस क्षेत्र की ओर बढ़ गया है, जहां वनकर्मियों की टीम लगातार उसकी गतिविधियों की निगरानी कर रही है।
वन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे हाथी के पास न जाएं और उसकी तस्वीरें या वीडियो न बनाएं, क्योंकि इससे वह उत्तेजित हो सकता है।
महुआडांड़ की मुखिया प्रमीला मिंज ने भी ग्रामीणों से अपील की कि वे बच्चों को सड़क के आसपास न जाने दें और वनकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
फिलहाल, वन विभाग की टीम हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर लौटाने के प्रयास में जुटी हुई है।



