Ranchi : छठ पूजा में अब सिर्फ तीन दिन बचे हैं, लेकिन रांची से बिहार जानेवालों के लिए सफर मुश्किल हो गया है। 21 से 27 अक्टूबर तक लगभग सभी ट्रेनें फुल हैं। तत्काल कोटा भी चंद मिनटों में भर रहा है। बिहार जानेवाली बसों में भी यही हाल है।
बसों की सभी सीटें पहले ही रिजर्व कर ली गई हैं। फ्लाइट से यात्रा करने वालों के लिए भी खर्च बढ़ गया है। रांची से पटना जाने वाली फ्लाइट का किराया ढाई गुना तक बढ़ गया है। ट्रेन और बस नहीं मिलने के कारण लोग प्राइवेट गाड़ियों और टैक्सी का सहारा ले रहे हैं।
प्राइवेट टैक्सी वाले अब 50 प्रतिशत तक अधिक भाड़ा वसूल रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह के नेतृत्व में रांची मंडल ने स्टेशन पर व्यापक प्रबंध किए हैं। प्लेटफॉर्म पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दो पैसेंजर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं।
स्टेशन पर पर्याप्त कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी निगरानी को और सुदृढ़ किया गया है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से संयम और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
खादगढ़ा बस स्टैंड से बिहार जाने वाली ज्यादातर बसों की सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं। प्रतिदिन 40 से अधिक बसें बिहार के लिए चलती हैं। 23 और 24 अक्टूबर को छठ स्पेशल के रूप में पांच अतिरिक्त बसें चलने की संभावना है।
फ्लाइट का किराया भी सामान्य से काफी अधिक है। 25 अक्टूबर को रांची से पटना के लिए टिकट 8,000 रुपए तक बिक रहे हैं, जबकि सामान्य किराया 3,000 रुपए है। इस स्थिति में यात्री निजी वाहनों और महंगी टैक्सियों पर निर्भर हो रहे हैं।



