Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस ने कदमा थाना क्षेत्र में 9 अक्टूबर को हुई 20 लाख की डकैती का पर्दाफाश कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल पांच अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, सोने का ब्रेसलेट, टाइटन कंपनी की घड़ी, एक स्कूटी और एक सीएनजी ऑटो सहित लूटे गए कई कीमती सामान बरामद किए गए हैं।
सिटी एसपी कुमार शिवशीष ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी शातिर अपराधी हैं, जो पहले भी हत्या, चोरी, लूट और गृहभेदन जैसे मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने बताया कि घटना 9 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े सात बजे कदमा थाना क्षेत्र के रामनगर रोड नंबर-2 में दीप राज सिंह के घर पर हुई थी, जब 7 से 8 नकाबपोश युवक हथियारों से लैस होकर घर में घुस गए थे।
डकैतों ने घर के सभी सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया और पूरे घर में जमकर लूटपाट की। आरोपी लगभग 20 लाख रुपए के जेवर, नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के तुरंत बाद दीप राज सिंह ने कदमा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने पांच अपराधियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. सद्दाम, फहीम आलम, कृष्णा लौहार उर्फ पाड़ी, सयोराज सिंह उर्फ जस्से पाजी और कुनाल सिंह मुंडा के रूप में की गई है। पुलिस ने इनके पास से लूट में इस्तेमाल किए गए हथियार, वाहन और चोरी के सामान भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है।
सिटी एसपी ने बताया कि इस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस टीम को सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत करने की अनुशंसा की गई है। वहीं, शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।



