Chaibasa : झारखंड पुलिस ने सारंडा जंगल में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की योजना रचने वाले दो माओवादी को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और सारंडा जंगल में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र में रातामाटी में पुलिया को आईईडी से उड़ाने की घटना में शामिल दो माओवादी दस्ता सदस्यों को चाईबासा पुलिस ने दबोच लिया। दोनों नक्सली प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं।
झारखंड पुलिस, कोबरा, सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर और अन्य अर्द्धसैनिक बलों द्वारा नक्सली संगठनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड, रांची के निर्देशन में ये कार्रवाई की जा रही है। अभियान में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है।
पुलिस के अनुसार, भाकपा (माओवादी) संगठन के शीर्ष नेता जैसे मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछू, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन अपने दस्ते के साथ कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में सक्रिय हैं। ये समूह पुलिस और सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए प्रयासरत रहते हैं।
बीते 9-10 अक्टूबर की रात छोटानागरा थाना क्षेत्र के रातामाटी में माओवादियों ने पुलिया को आईईडी से क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस मामले में छोटानागरा थाना में कांड संख्या 21/2025 दर्ज की गई। मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो माओवादी दस्ता सदस्यों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार माओवादी अलब्रेट लोमगा उर्फ रेंगो लोमगा (19 वर्ष) और विकास लोमगा उर्फ रापा लोमगा (20 वर्ष) हैं। इनके पास से 9 बोल्ट का बैट्री 22 पीस और लगभग 200 मीटर बिजली का तार बरामद किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



